लखनऊ,5 सितम्बर 2023:
इंडियन ओवरसीज कांग्रेस कनाडा (IOC CANADA ) के प्रेसिडेंट जगदीप सिंह ने राजधानी लखनऊ में उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान जगदीप सिंह ने अजय राय को प्रदेश की कमान मिलने पर बधाइयाँ और ढेर सारी शुभकामनाएं दीं। साथ ही साथ उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को कैसे मजबूत किया जाए और आगामी 2024 लोकसभा चुनाव के मद्देनजर संगठन की नई टीम कैसे तैयार की जाए इन तमाम मुद्दों पर चर्चा हुई।
नए प्रदेश अध्यक्ष अजय राय से मुलाकात के बाद जगदीप सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस मजबूती के साथ बेहतर प्रदर्शन करेगी। इंडिया गठबंधन के सभी घटक दल आगामी चुनाव की तैयारी कर रहे हैं। सभी पार्टियों में नया जोश और नई ऊर्जा दिखाई दे रही है जो इस बात का संकेत है कि इंडिया 2024 लोकसभा चुनाव में भाजपा के विजय अभियान को रोक कर देश की जनता को नई लोकतान्त्रिक सरकार देगी।
उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में कांग्रेस के बेहतर प्रदर्शन के लिए IOC की 33 देशों में फैली ईकाइयां बेहतर तरीके से कार्य कर रही हैं, जिससे पार्टी देश और विदेशों में भी मजबूत हो रही है। राहुल गाँधी एक ऊर्जावान नेता हैं। उनकी भारत जोड़ो यात्रा का प्रभाव साफ तौर पर कर्नाटक चुनाव में देखने को मिला है। आने वाले वक्त में ऐसी और भी यात्राएँ राहुल गाँधी के द्वारा तबतक निकाली जाएंगी जबतक गाँधी और नेहरू के सपनों का भारत एक नहीं हो जाता।
सिंह ने कहा भाजपा ज्यादा दिनों तक देश की जनता की आँखों में धूल नहीं झोक सकती। अब जनता समझदार है वो अपने लिए बेहतर सरकार चुनेगी। भाजपा ने देश की भोली जनता का विश्वास तोड़ा है। आने वाले समय में जनता इसका हिसाब लेगी। जहां तक बात कांग्रेस की है तो हमेशा से कांग्रेस हर व्यक्ति की पार्टी रही है। भारत के आखिरी गांव और अंतिम घर में कोई पूछे तो आज भी गाँधी का, नेहरू का और कांग्रेस का नाम सबसे पहले लिया जाता है। 2024 में जनता का आशीर्वाद इंडिया को मिलने जा रहा है। इंडिया गठबंधन केंद्र में सरकार बनाएगी जो हर देशवासी की अपनी सरकार होगी।
इस अवसर पर जगदीप सिंह के साथ IOC कनाडा के एडवाइजर सुधीर मेदिरत्ता और IOC कनाडा,यूएसए के कोऑर्डिनेटर महफूज आलम भी उपस्थित थे।